नीमच। नववर्ष के स्वागत के उत्साह के बीच शहर में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उज्जैन रेंज के आईजी उमेश जोगा ने नीमच का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्सव की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
आईजी उमेश जोगा ने कहा कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर हंगामा करने, आपसी विवाद करने अथवा सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही देर रात तक चलने वाले आयोजनों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने जिले में गांजे की अवैध खेती के विरुद्ध की गई बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को उल्लेखनीय बताया। इसके साथ ही साइबर सेल की तत्परता से एक बुजुर्ग दंपति की जीवन भर की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपये को ठगी से बचाए जाने की सफलता की भी प्रशंसा की।
आईजी उमेश जोगा ने नीमच की जनता को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी नागरिक अनुशासन में रहकर पर्व मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने पुलिस टीम के बेहतर समन्वय एवं कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।