इंदौर। बीजलपुर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 78 में नगर निगम द्वारा मंगलवार अलसुबह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल एवं नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। रोड चौड़ीकरण के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में कई पक्के मकानों को जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों में अफरा-तफरी और भावनात्मक दृश्य देखने को मिले। कई लोग रोते-बिलखते नजर आए और प्रशासन से कुछ दिनों की मोहलत की मांग करते रहे, लेकिन उनकी अपीलों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। अभियान के चलते क्षेत्र में भारी तोड़फोड़ हुई, जिससे प्रभावितों को करोड़ों रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही लाइनिंग कर पर्याप्त समय दिया गया था। समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
इधर, कार्रवाई की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस कार्रवाई को “तुगलकी फरमान” बताते हुए प्रशासन की कड़ी आलोचना की। पटवारी ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार कर यह कार्रवाई की गई है।
अभियान के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है।