रतलाम। जिले में कलेक्टर मिशा सिंह ने नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम शहर आर्ची हरित और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर के साथ शहर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को मिल रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था। शहर में तीन स्थानोंकृमहू रोड बस स्टैंड परिसर के प्रथम तल पर, हाथीखाना क्षेत्र में जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय के पास तथा सिविक सेंटर के पासकृनिशुल्क आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने यहां पलंग, गद्दे, तकिया, चादर, कंबल, बाथरूम में पानी, पेयजल और ठंड के मौसम में गर्म पानी की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के बाहर मेडिकल स्टोर के ओटले पर कुछ लोग सोते मिले। कलेक्टर ने तत्काल वाहन रुकवाकर शासकीय वाहन से उन्हें रैन बसेरे में शिफ्ट कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि ठंड से कोई प्रभावित न हो। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त और तहसीलदार को निर्देशित किया कि नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी रात में भ्रमण कर खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाएं। लापरवाही की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। निरीक्षण में आश्रय स्थलों पर महिलाओं के लिए पृथक कक्ष की व्यवस्था पाई गई। वहीं, वहां ठहरे लोगों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही कलेक्टर ने रैन बसेरों के आसपास साइन बोर्ड लगाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचे।