चित्तौड़गढ़। मानपुरा गांव में 23 दिसंबर को दिनदहाड़े एक घर में हुई बड़ी चोरी की वारदात का कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से चोरी किए गए गहनों एवं नकद राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मानपुरा निवासी सत्यनारायण पुत्र कन्हैयालाल कुमावत 23 दिसंबर को अपनी पत्नी के साथ किसी कार्य से चित्तौड़गढ़ गए हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट टूटा हुआ था तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात बदमाशों ने घर से लगभग तीन तोला सोने के गहने, सवा किलो चांदी के आभूषण एवं 19 लाख 50 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
दिनदहाड़े हुई इस गंभीर वारदात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी तुलसीराम (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एएसआई हिम्मत सिंह, देवीलाल, कांस्टेबल मनीष मौर्य, लक्ष्मण सिंह एवं साइबर सेल के कांस्टेबल रामावतार द्वारा लगातार प्रयास और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर घटियावली थाना शंभूपुरा निवासी दिनेश पुत्र राधेश्याम कुमावत (24) एवं नितेश पुत्र हरिशंकर कुमावत (21) को डिटेन किया गया।
गहन पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी गए गहनों एवं नकद राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।