खरगोन। भारतीय कपास निगम (सीसीआई) कपास खरीदी नियमो में फिर बदलाव सोमवार को हंगामे का कारण बना। सीसीआई ने प्रति एकड़ कपास खरीदी में कटौती करते हुए 12 के बजाय महज 5 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की घोषणा की, इससे उपज लेकर किसान आक्रोशित हो गए। नाराज किसानों ने मंडी प्रवेश द्वार पर वाहन खड़े कर दिए जिससे आवाजाही बन्द हो गई। सेकड़ो वाहन मंडी परिसर में जबकि इतने ही वाहनों के पहिये मंडी गेट के बाहर थम गए। हालात यह रहे कि दोपहर 2 बंजे तक मुख्य मार्ग पर करीब 500 मीटर लम्बी दूरी तक वाहनों की कतार लग गई।
मामले की गम्भीरता देखते हुए अपर कलेक्टर रेखा राठोड़ कृषि उप संचालक शिव सिंह राजपूत,थाना प्रभारी भी एवं मंडलोई सहित अन्य अधिकारी मंडी पहुंचे। आक्रोशित किसानों का कहना है कि अब तक प्रति एकड़ 12 क्विंटल खरीदी की जा रही थी, लेकिन बिना सूचना के इसमे कटौती की गई है। सीसीआई के बार बार नियमो में बदलाव के साथ ही स्लॉट बुकिंग में भी परेशानी झेल रहे हैं। इससे किसान परेशान होकर निजी व्यापारियों को अपनी कपास की उपज बेचने को मजबूर हो रहे हैं. इससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।