नीमच। नीमच जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। आम आदमी पार्टी के नेता इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
इंजी. अग्रवाल ने बताया कि वे स्वयं नीमच विधानसभा क्षेत्र-229 के भाग क्रमांक 67, अनुभाग-1 के मतदाता हैं। उनके अनुसार, उनके स्वयं के घर के पते पर चुनाव आयोग द्वारा दो फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आपत्ति दर्ज कराई थी, इसके बावजूद ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद जारी मतदाता सूची में उक्त दोनों नाम शामिल पाए गए।
उन्होंने आगे बताया कि उनके मकान के समीप स्थित एक खाली प्लॉट, जहां कोई निर्माण नहीं है, उस पते पर भी दो मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं। वहीं, इसी भाग क्रमांक में दो पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि नीमच जिले में एसआईआर की प्रक्रिया अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं चलाई जा रही है।
इंजी. अग्रवाल ने कहा कि जब व्यक्तिगत रूप से आपत्ति दर्ज कराने के बाद भी सुधार नहीं किया गया, तो यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरे भाग क्रमांक एवं जिले भर में मतदाता सूची में कितनी गंभीर त्रुटियां हो सकती हैं। इससे चुनाव आयोग के मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य पर ही प्रश्न खड़े होते हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय चुनाव आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है तथा मांग की है कि नीमच जिले में एसआईआर प्रक्रिया में लिप्त दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध घोर लापरवाही और अनियमितता बरतने के लिए कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।