भगवानपुरा। भगवानपुरा खंड के धुलकोट मंडल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी मंडलों में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि धुलकोट मंडल के अंतर्गत आने वाले 12 ग्रामों में पीले चावल देकर हिंदू समाज को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। इस अवसर पर बच्चे, युवा, बुजुर्ग, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ सनातनीजन अपने पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-मांदल के साथ सहभागिता करेंगे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती एवं समाजहित से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हिंदू सम्मेलन का आयोजन शनिवार, 10 जनवरी 2026 को किया जाएगा। सम्मेलन की शुरुआत प्रातः 9 बजे कलश यात्रा से होगी, जो ग्राम के शिव मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए सम्मेलन स्थल बाजार पट्टे के सामने, धुलकोट पहुंचेगी।
इसके पश्चात प्रातः 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक बौद्धिक सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी सहभागियों के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन रखा गया है।