मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बालागुड़ा गांव में सोमवार रात पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई। सड़क पर अचानक दिल का दौरा पड़ने पर पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पप्पूलाल हरिजन (45) निवासी धारियाखेड़ी, अपनी पत्नी एवं जमाई के साथ राजस्थान के पिल्लू गांव जा रहे थे। इसी दौरान बालागुड़ा स्थित बालाजी मंदिर के पास उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे सड़क पर गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में एसआई मूलचंद धाकड़, आरक्षक उदल सिंह राठौर एवं आरक्षक धनपाल सिंह शामिल थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से पप्पूलाल की हालत में तेजी से सुधार हुआ है और वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।