नीमच। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए अंबेडकर कॉलोनी नाले की पुलिया के पास खेत क्रमांक-5 पर बुलडोज़र चलाया। नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के संयुक्त अभियान में 5060 वर्ग मीटर शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उक्त भूमि पर अवैध रूप से मकान की नींव डाली जा रही थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने जेसीबी एवं ट्रैक्टरों की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान तोड़े गए प्रीकास्ट सामग्री को सुरक्षित रखा गया।

पूरे अभियान के दौरान एसडीएम संजीव साहू, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, राजस्व अमला, नगर पालिका टीम एवं पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आगे भी अतिक्रमण के विरुद्ध इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
