नीमच। जिले के गांव चम्पी में एक वृद्ध दलित किसान के साथ भूमि विक्रय के नाम पर धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित किसान जगदीश पुत्र हीरालाल भांबी ने जनसुनवाई में बताया कि दो दलालों ने सांठगांठ कर उसकी भूमि के विक्रय मूल्य में से 28 लाख 32 हजार रुपये हड़प लिए।
जगदीश ने कहा कि उनकी पैतृक कृषि भूमि (सर्वे नंबर 375 बटा 3, क्षेत्रफल 0.970 हेक्टेयर) का सौदा दलाल बंटी जमुनियांखुर्द और राहुल धनेरियांकलां के माध्यम से 14 लाख 51 हजार रुपये प्रति बीघा की दर से किया गया था। सौदे की कुल राशि 66 लाख 50 हजार रुपये तय हुई थी, लेकिन किसान को केवल 38 लाख 50 हजार रुपये ही दिए गए। जब शेष राशि की मांग की गई, तो दलालों ने उसे देने से इनकार कर दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी वृद्धावस्था और अशिक्षा का फायदा उठाकर दलालों ने छल-कपट से रजिस्ट्री करवा ली और अब वह अपनी मेहनत की कमाई के लिए मोहताज है। जगदीश ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त फौजदारी और दीवानी कार्यवाही की जाए और शेष राशि तुरंत दिलाई जाए।