नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं नगर पालिका नीमच की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से लगभग 42 करोड़ रुपये मूल्य की 6.05 हेक्टेयर शासकीय एवं नगर पालिका भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस भूमि का उपयोग नगर विकास के विभिन्न प्रोजेक्ट्स एवं निर्माण कार्यों के लिए किया जाएगा।
कलेक्टर चंद्रा के निर्देशन में एसडीएम संजीव साहू, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, तहसीलदार संजय मालवीय एवं नायब तहसीलदार डॉ. अजेन्द्रनाथ प्रजापति की उपस्थिति में राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान जेसीबी सहित अन्य मशीनरी का उपयोग किया गया।
अम्बेडकर कॉलोनी में 5 करोड़ की भूमि मुक्त-
नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत अम्बेडकर कॉलोनी में खेत नंबर 5 की 0.50 हेक्टेयर भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
पुराना चर्मशोधन कारखाना क्षेत्र से 19.98 करोड़ की भूमि पर कब्जा-
इसी तरह पुराना चर्मशोधन कारखाना के पीछे एवं आसपास स्थित नगरपालिका नीमच के खेत नंबर 32 की 2.40 हेक्टेयर भूमि से कब्जा हटाकर लगभग 19.98 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को नगर पालिका के आधिपत्य में लिया गया।
नायब तहसीलदार डॉ. अजेन्द्रनाथ प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि अम्बेडकर कॉलोनी की पुलिया के पास स्थित भूखंड क्रमांक 5 तथा शंभु व्यायामशाला के पास स्थित भूखंड क्रमांक 8 से भी अतिक्रमण हटाया गया। इन भूखंडों पर नगर पालिका द्वारा स्वामित्व के बोर्ड लगाए गए हैं तथा प्रीकास्ट बाउंड्री का कार्य प्रारंभ किया गया है।
लेवड़ा रोड क्षेत्र में 16.87 करोड़ की भूमि अतिक्रमण मुक्त-
मंगलवार दोपहर पश्चात प्रशासनिक टीम ने सीआरपीएफ के पीछे लेवड़ा रोड स्थित न्यू गार्डन 30 एवं 35 की 3.51 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर लगभग 16.87 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की भूमि को नगर पालिका नीमच के आधिपत्य में लिया। इस भूमि पर भी नगर पालिका का बोर्ड स्थापित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई समस्त भूमि का उपयोग शहर के सुव्यवस्थित विकास, जनसुविधा आधारित परियोजनाओं एवं भविष्य के निर्माण कार्यों के लिए किया जाएगा। प्रशासन की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।