खरगोन। जिले के कसरावद में जिला सहकारी बैंक के पीछे स्थित नगर परिषद की भूमि पर वर्षों से बने अतिक्रमण को मंगलवार को हटा दिया गया। नगर परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में दो जेसीबी मशीनों की मदद से जर्जर अवस्था में बने छह मकानों को ध्वस्त किया गया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नायब तहसीलदार, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी के अनुसार, इन छह मकानों में से चार परिवार पहले ही मकान खाली कर चुके थे, जबकि दो परिवार अब भी निवास कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान इन परिवारों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति शांत हो गई और प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
नगर परिषद के सीएमओ कमलेश गोले ने बताया कि उक्त भूमि नगर परिषद के अधीन धर्मशाला की है, जिसका रिकॉर्ड नगर पालिका में दर्ज है। रहवासियों द्वारा 29 अप्रैल को हुई पूर्व कार्रवाई के दौरान यह कहा गया था कि वे बारिश का मौसम निकलने के बाद स्वयं मकान खाली कर देंगे, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद मकान खाली नहीं किए गए। इसके बाद शासन के निर्देशानुसार प्रशासन की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान मौके पर नगर परिषद सीएमओ कमलेश गोले, नायब तहसीलदार मुकेश मचार, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन सहित नगर परिषद कर्मचारी प्रशासन एवं पुलिस की टीम मौजूद रही।