प्रतापगढ़। सीमावर्ती जिले प्रतापगढ़ में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों के लिहाज से वर्ष 2025 पुलिस के लिए उपलब्धियों भरा रहा। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बीते वर्ष की कार्रवाई और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं उप पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 199 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 7020 किलोग्राम डोडाचूरा, 13.390 किलोग्राम अफीम सहित ब्राउन शुगर, एमडी पाउडर, गांजा और लिक्विड एमडीएम की बड़ी खेप जब्त की गई। तस्करी में प्रयुक्त 85 वाहनों सहित जब्त सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 133 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से शुरू किए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मात्र पांच महीनों में 77 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त कर तस्करों की कमर तोड़ी गई।
पुलिस की मानवीय पहल के तहत ‘ऑपरेशन विश्वास’ के माध्यम से इंदौर में मजदूरी के नाम पर ठगे गए तथा महाराष्ट्र के शोलापुर में बंधक बनाए गए आदिवासी समाज के 53 लोगों को सुरक्षित मुक्त कराकर उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। वहीं सामाजिक दायित्व निभाते हुए ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के अंतर्गत थानों द्वारा स्कूलों को गोद लेकर बच्चों में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा दिया गया।
सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोशल मीडिया पर स्टंट कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन पंजा’ चलाया गया, जिसमें 44 स्पोर्ट्स बाइक जब्त की गईं। साइबर अपराध के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 लाख रुपये की ठगी राशि पीड़ितों को वापस दिलाई तथा सैकड़ों मोबाइल नंबर और आईएमईआई ब्लॉक किए।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि वर्ष 2026 में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए तीन प्रमुख रणनीतियों पर काम किया जाएगा। इसके तहत ‘डेटाबेस पॉलिसी’ के जरिए अपराधियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, ‘टेक्नोलॉजिकल पॉलिसी’ के माध्यम से आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा और सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए आमजन के साथ विश्वास को मजबूत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।