नीमच। लक्कड़ मंडी निवासी नाजरीन पति मोहम्मद शकील ने अपने पुत्र मोहम्मद शादाब के साथ हुए विवाद के बाद उसके विरुद्ध झूठा प्रकरण दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए आवेदन में नाजरीन ने बताया कि 6 अगस्त की शाम करीब 7.30 बजे उसका पुत्र मोहम्मद शादाब लक्कड़ मंडी चौराहे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान ताहिर हुसैन वहां पहुंचा और कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौच करने लगा। आरोप है कि कुछ समय बाद ताहिर का भाई मोहम्मद इमरान एवं भतीजा जीशान कुरैशी भी मौके पर पहुंचे, जहां शादाब के साथ विवाद एवं गाली-गलौच की गई।
नाजरीन का कहना है कि घटना के बाद उसका पुत्र अपनी शिकायत लेकर नीमच कैंट थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और केवल लिखित शिकायत लेकर उसे वापस भेज दिया गया। इसके बाद आरोप है कि अगले दिन दूसरे पक्ष द्वारा प्रभाव का उपयोग करते हुए शादाब के खिलाफ कथित रूप से झूठा प्रकरण दर्ज करा दिया गया।
आवेदन में नाजरीन ने बताया कि वास्तविक विवाद उसके पुत्र के साथ हुआ था, बावजूद इसके कार्रवाई उसके विरुद्ध की गई। उसने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, उसके पुत्र की शिकायत पर भी उचित कार्रवाई करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।