दतिया। शनिवार को दतिया में भाजपा पार्षदों पर भूमि अतिक्रमण के गंभीर आरोप सामने आए हैं। साधु-संतों और स्थानीय लोगों ने भाजपा पार्षद बृजेश दुबे और दीपू यादव पर आश्रम की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
साधु-संतों का कहना है कि अतिक्रमण के दौरान आश्रम की बाड़ तोड़ दी गई, जिससे कड़ाके की ठंड में गौवंश सड़क पर भटकने को मजबूर हो गया। आरोप है कि जब साधु-संतों ने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। संतों के अनुसार, उन्हें डराने-धमकाने और दबाव बनाकर चुप कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना से आक्रोशित साधु-संतों और ग्रामीणों ने कलेक्टर बंगले पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।