दतिया। कोतवाली दतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे ने पूरे मामले की जानकारी दी।
एडिशनल एसपी ने बताया कि 31 दिसंबर की रात कोतवाली थाना क्षेत्र की पंकज शुक्ला वाली गली में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में फरियादी जयहिंद सिंह परमार की शिकायत पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी दतिया सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम एवं साइबर सेल ने जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने सतेन्द्र सिंह परमार को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने नववर्ष की पार्टी और शान-शौकत के लिए अपने ही मौसा के घर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि बरामद कर ली है।
बरामद माल में सोने का हार, अंगूठियां, बाले, नथ, चेन, बच्चों के कंगन तथा चांदी की पायल सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।