खरगोन। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल पीने से हुई मौतों और उसके बाद एक पत्रकार के सवाल पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित शब्दावली को लेकर शनिवार को जिले के बिस्टान में आदिवासी समाजजनों ने तीखा विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। पुतला दहन के प्रदर्शनकारी मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे और उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रहे थे।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक तरफ इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार मंत्री संवेदनशीलता दिखाने के बजाय पत्रकारों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।