शाजापुर। जिले के सुंदरसी थाना क्षेत्र के खामखेड़ा गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेंदुए ने मवेशियों पर हमला किया। इस हमले में एक भैंस का बछड़ा घायल हो गया, जबकि एक गाय सुरक्षित बच निकली।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगल में मवेशी चर रहे थे, तभी तेंदुए ने हमला किया। गाय और भैंस के शरीर पर नाखूनों और दांतों के निशान देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की सूचना दी।
सुंदरसी क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी की खबरें मिल रही हैं। वन विभाग ने पगमार्क के आधार पर तेंदुए की उपस्थिति पहले ही पुष्टि की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और खेतों तथा जंगलों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिले में अब तक दो जगह तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि हुई है।