नरसिहंपुर। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एक प्रमुख योजना है। इस योजना का लाभ पाकर जिले के बेरोजगार युवा रोजगार तो पा रहे हैं, साथ ही दूसरे लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं। जिले के गोटेगांव की सुधा जैन ने भी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का लाभ पाकर अपने सपने को साकार किया है।
सुधा जैन बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही एक ब्यूटीशियन बनने का सपना था। वह चाहती थी कि उनका अपना एक ब्यूटी पार्लर हो, लेकिन पर्याप्त राशि न होने के कारण उनका ब्यूटी पार्लर का सपना पूरा करने के लिए बड़ी चुनौती थी। सुधा जैन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा आयोजित शिविर में शामिल हुई। इस शिविर में उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के बारे में जानकारी मिली, जहां उन्हें अपने सपने को साकार करने के लिए एक नई उम्मीद की किरण दिखाई दी। उन्होंने इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। उन्हें ब्यूटी पार्लर के लिए बैंक ऑफ इंडिया गोटेगांव से 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस राशि की सहायता से उन्होंने अपना स्वयं का ब्यूटी पार्लर शुरू किया और समय- समय पर बैंक की किश्तों का भी भुगतान किया। योजना के तहत 2.50 लाख रुपये, जो 25 प्रतिशत अनुदान की राशि प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने अपने ब्यूटी पार्लर को और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया। आज सुधा जैन एक सफल, सशक्त व आत्मनिर्भर महिला बनकर उभरी हैं। उन्होंने बताया कि अब वो स्वयं 5 अन्य महिलाओं को इस ब्यूटी पार्लर के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
सुधा जैन कहती हैं कि मेरे सपने को साकार करने में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना काफी मददगार साबित हुई है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद देती हैं।