नीमच। जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड, निर्यात प्रोत्साहन समिति तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी बैठक सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में महाप्रबंधक उद्योग योगिता भटनागर ने जानकारी दी कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग को औद्योगिक प्रयोजन हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नीमच के ग्राम बामनबर्डी (सर्वे नं. 297, रकबा 2.98 हेक्टेयर) तथा ग्राम जगेपुर हाडा (सर्वे नं. 106/1, रकबा 9.22 हेक्टेयर) में अविकसित भूमि उपलब्ध है। इन भूखंडों का आवंटन केवल मध्यम उद्योगों (यंत्र, संयंत्र एवं मशीनरी में निवेश 25 करोड़ से अधिक और 125 करोड़ तक, तथा वार्षिक टर्नओवर 500 करोड़ तक) के लिए किया जाएगा। इसके लिए 30 जनवरी 2026 अपराह्न 5 बजे तक विभागीय वेबसाइट पर ईओआई आमंत्रित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त फरवरी 2026 में औद्योगिक क्षेत्र मोरका में आवंटन हेतु उपलब्ध भूखंडों की जानकारी भी दी गई।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में निवेश हेतु इच्छुक नव उद्यमियों और उद्योग संघों के सदस्यों को नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि नीमच में लैंड बैंक, बुनियादी अधोसंरचना, जल और कच्चे माल की उपलब्धता के साथ निवेश मित्र वातावरण है, इसलिए अधिक से अधिक उद्योग स्थापित किए जाएं।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, महाप्रबंधक उद्योग योगिता भटनागर, सचिव उद्योग संघ अनीष नागौरी, अध्यक्ष मंडी व्यापारी संघ राकेश भारद्वाज, अध्यक्ष लघु उद्योग भारती हर्ष गट्टानी सहित श्रम विभाग, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग, विद्युत विभाग, मंडी समिति के प्रतिनिधि और नव उद्यमी उपस्थित रहे।