मुरैना। मध्य प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं मुरैना के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा मंगलवार को मुरैना पहुँचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर पत्रकारों से विस्तृत चर्चा की और सरकार के विकासात्मक एजेंडे को स्पष्ट रूप से सामने रखा।
प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही पंचायत स्तर पर होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में संचालित मनरेगा योजना में सामने आ रहे भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की जा रही है। डिजिटल निगरानी प्रणाली से प्रत्येक कार्य की वास्तविक समय में समीक्षा की जाएगी, जिससे पात्र हितग्राहियों को सीधा लाभ मिलेगा।
करण सिंह वर्मा ने जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाना है और विकसित भारतदृजी राम जी योजना इस दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।