नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जनसुनवाई एवं जलसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में प्रशासनिक अमले की उपस्थिति में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
जनसुनवाई के दौरान एक सराहनीय और मानवीय पहल भी देखने को मिली, जब 80 प्रतिशत दिव्यांग वृद्ध महिला को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि जिले में कलेक्टर, तहसील एवं पंचायत स्तर पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करना है।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिन पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। विशेष रूप से जलसंकट से जुड़े मामलों में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सादड़ी रोड, नाका नंबर-4 बघाना निवासी नूर बानो पिता कादर बैग ने तीन पहिया साइकिल (ट्राइसाइकिल) उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि वे 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं तथा चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण दैनिक आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना कर रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग द्वारा त्वरित प्रक्रिया पूर्ण कर नूर बानो को मौके पर ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राइसाइकिल मिलने पर वृद्धा के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।