देवास। वार्ड क्रमांक 43 बालगढ़ (नई आबादी) क्षेत्र में के रहवासी कलेक्टर कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे जहा उन्होंने अपर कलेक्टर को आवेदन सौंपा उन्होंने बताया की वर्षों से बंद पड़ी 33 केवी विद्युत लाइन और पोल जानलेवा साबित हो रहे हैं। चापड़ा लाइन एवं चामुंडा स्टैंडर्ड मिल्स उद्योग से जुड़ी यह लाइन लंबे समय से अनुपयोगी है, फिर भी जर्जर तार आज भी रहवासी मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रहे हैं।
इस सरकारी लापरवाही का सबसे भयावह परिणाम
30 नवंबर 2025 को समाने आया जब करंट लगने से बालगढ़ के होनहार छात्र आरव गुर्जर की मौत हो चुकी है। यह हादसा पुरे इलाके को झकझोर गया। इसके बाद भी हालात नहीं बदले। हाल ही में मकानों की छतों पर करंट फैलने की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। डर के कारण 2 से 3 परिवार मकान बेचकर पलायन कर चुके हैं।
जनसुनवाई में पहुंचे पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी, वर्तमान पार्षद राजा अकोदिया और बड़ी संख्या में रहवासियों ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत, एक का शरीर बुरी तरह जलना और कई लोगों को करंट लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद विद्युत मंडल ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पूर्व में कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अधिकारियों ने आंखें मूंदे रखीं।हमारी मांग है की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुकदमा भी दर्ज किया जाए।
आक्रोशित रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मामले में अपर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को 10 दिनों में समाधान के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन की चेतावनी के बाद भी बिजली विभाग जागता है या फिर किसी और हादसे का इंतजार करेगा।