देवास। भौरासा नगर परिषद भौरासा की सीमा से लगी संजय नगर कालोनी को निकाय सीमा में शामिल करने की मांग को लेकर क्षेत्र के रहवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
रहवासियों ने बताया कि वर्ष 2004 से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों ने कहा कि कालोनी को नगर परिषद में शामिल न किए जाने से पानी, बिजली, सड़क और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे खासकर छोटे बच्चों को खतरा बना रहता है। नगर परिषद में जाने पर न तो सुनवाई होती है और न ही कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक रहता है।
अपर कलेक्टर ने रहवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी फाइल आगे भेज दी गई है और संबंधित विभाग से आदेश आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।