देवास। बिजली विभाग की मनमानी का एक और मामला सामने आया है। ओम साईं विहार कॉलोनी निवासी विपिन जोशी और उनकी पत्नी स्वाती जोशी विद्युत विभाग की कार्रवाई से परेशान होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए मांग की कि वसूली का निराकरण होने तक उनका बिजली कनेक्शन न काटा जाए।
पीड़ित स्वाती जोशी ने बताया कि उन्होंने मकान नंबर 107 को 01 जुलाई 2022 को विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदा था। रजिस्ट्री दस्तावेजों में स्पष्ट रूप से दर्ज है कि मकान पर किसी भी प्रकार का बिजली बकाया नहीं था। इसके बावजूद विद्युत विभाग उनसे वर्षों पुराने बिजली बिल की राशि जमा करने का दबाव बना रहा है, जबकि उस अवधि में मकान का स्वामित्व किसी अन्य व्यक्ति के पास था।
हैरानी की बात यह है कि विभाग द्वारा जारी नोटिस किसी अन्य व्यक्ति के नाम से है, फिर भी वर्तमान मकान मालिक को बिजली काटने की धमकी दी जा रही है। कई बार बिना पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से परिवार को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित के अनुसार यह कथित बकाया राशि उस समय की है जब उक्त प्लॉट पर राजू स्रोराट बिल्डर द्वारा निर्माण किया जा रहा था और उस दौरान अस्थायी विद्युत मीटर लिया गया था। उस समय मकान का स्वामित्व किसी और व्यक्ति के पास था। इसके बाद स्थायी विद्युत कनेक्शन लिया गया, जिसकी जिम्मेदारी वर्तमान मकान मालिक की नहीं बनती।
पीड़ित दंपति ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर विद्युत विभाग की इस लापरवाही पर रोक लगाने की मांग की है।