नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने की। शिविर में जिला स्तरीय जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का भी आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एएसपी सिसोदिया के समक्ष प्रस्तुत कीं। एएसपी द्वारा सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों के माध्यम से त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण सुनिश्चित किया गया। सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का आवेदकों से संवाद कर संतुष्टि पूर्वक निराकरण करते हुए उन्हें बंद कराया गया।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में लगभग 27 फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा एवं उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, संबंधित शाखा प्रभारी तथा फरियादी उपस्थित रहे।