सिंगोली। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक उत्सव का समापन समारोह मंगलवार को जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। वार्षिक उत्सव के अंतर्गत खेलकूद, साहित्यिक प्रतियोगिताएँ, स्नेहभोज एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, अशोक (विक्रम) सोनी, लोकेश पटवा एवं सांसद प्रतिनिधि गोपाल धाकड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ विधायक सखलेचा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। संस्था के प्राचार्य राजेन्द्र जोशी ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। अपने उद्बोधन में विधायक सखलेचा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) के उपयोग के महत्व से अवगत कराते हुए इसे जीवन में सफलता का माध्यम बताया। उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकगण से संवाद किया एवं आवश्यक सुझाव भी लिए।
छात्राओं एवं शिक्षकों की मांग पर विधायक सखलेचा ने विद्यालय में भौतिक एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशाला के लिए एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की। साथ ही गर्मी की छुट्टियों को उपयोगी बनाने के उद्देश्य से सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन इंग्लिश स्पोकन कोर्स से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण एवं समस्त छात्राएँ उपस्थित रहीं। उक्त जानकारी संस्था के प्राचार्य राजेन्द्र जोशी द्वारा दी गई।