नीमच। जिले में पुरुष बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से टीकाकरण कार्य कराए जाने के आदेश को लेकर न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। संघ ने कलेक्टर नीमच एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 15 जनवरी 2026 को जारी आदेश को निरस्त करने की मांग की है।
संघ का कहना है कि एएनएम की अनुपस्थिति में टीकाकरण कार्य कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) द्वारा किया जाना चाहिए। पुरुष बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता न तो नर्सिंग काउंसिल में पंजीकृत हैं और न ही उन्हें हाल के वर्षों में टीकाकरण कार्य का अनुभव है। ऐसे में उनसे यह संवेदनशील कार्य कराना हितग्राहियों के स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
संघ ने यह भी बताया कि आदेश के तहत कर्मचारियों को 70 से 95 किलोमीटर दूर उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर पदस्थ किया गया है, जिससे कार्यगत कठिनाइयाँ बढ़ेंगी। इसके अलावा टीकाकरण से संबंधित प्रशिक्षण, यात्रा भत्ता (टीए-डीए), अनमोल पोर्टल संचालन तथा दायित्व निर्धारण को लेकर भी कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं।
न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला इकाई ने मांग की है कि उपरोक्त समस्याओं का समाधान होने तक उक्त आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए।