नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश एवं दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे अभियान मुस्कान के तहत पुलिस थाना कुकडेश्वर ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने कस्बा कुकडेश्वर से गुम हुए एक 16 वर्षीय नाबालिग बालक को मात्र 48 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा निकीता सिंह के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कुकडेश्वर निरीक्षक भीमसिंह सिसौदिया के नेतृत्व में की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 21 जनवरी 2026 को थाना कुकडेश्वर में फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनका 16 वर्षीय पुत्र किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। रिपोर्ट पर थाना कुकडेश्वर में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी सहायता से मिली सफलता-
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा साइबर सेल नीमच की तकनीकी सहायता ली गई। सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने नाबालिग बालक को 48 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
सराहनीय भूमिका-
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसिंह सिसौदिया, पुलिस थाना कुकडेश्वर की टीम एवं साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।