मंदसौर। गणतंत्र दिवस के जिलास्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। मुख्य समारोह 26 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाएगा।
फाइनल रिहर्सल का अवलोकन कलेक्टर अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल ने किया। अधिकारियों ने परेड, मंच व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
16 प्लाटूनों ने किया अनुशासित परेड प्रदर्शन-
फाइनल रिहर्सल के दौरान कुल 16 प्लाटूनों ने अनुशासित, समन्वित एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। परेड की सटीकता और तालमेल सराहनीय रहा। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश झलका।
कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी एवं उनकी टीम ने आमजन को सर्पदंश से बचाव तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। फाइनल रिहर्सल कार्यक्रम का संचालन डॉ. जे. के. जैन ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।