प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय स्थित एरियापति रोड पर संजीवनी सेवा संस्थान एवं न्यू जागृति सेवा संस्थान के कार्यालय द्वारा संचालित कन्यादान महादान योजना के अंतर्गत मंगलवार को 13 नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।
चेक वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कृषि विस्तार विभाग के सहायक लेखा अधिकारी महेंद्र कुमार वर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को चेक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
संजीवनी सेवा संस्थान द्वारा क्षेत्र में कन्यादान महादान योजना, सहजन (मोरिंगा) औषधीय खेती, जैविक एवं बागवानी खेती, तथा स्वरोजगार से जुड़ी जागरूकता गतिविधियाँ लगातार संचालित की जा रही हैं। संस्थान का उद्देश्य बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके लिए गरीब व जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
चेक प्राप्त करते समय नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट झलक रहा था। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के कमजोर वर्गों के लिए बड़ा सहारा बताया।
इस अवसर पर संजीवनी सेवा संस्थान के अध्यक्ष यूनुस अहमद, सचिव अमर सिंह, फील्ड ऑफिसर दिलीप सिंह देवड़ा, कार्यालय अधिकारी अनुसूया मीणा सहित संस्था के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि संजीवनी सेवा संस्थान विगत कई वर्षों से विवाह, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर जारी रखे जाएंगे।