नीमच। केंद्रीय बजट में मांगों की अनदेखी से नाराज़ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मंगलवार को नीमच की सड़कों पर उतर आईं। शहर के फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर जुटी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय बजट की प्रतीकात्मक होली जलाकर रोष प्रकट किया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बजट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। न तो उन्हें स्थायी करने का प्रावधान किया गया और न ही मानदेय व आर्थिक राहत से जुड़ी कोई व्यवस्था की गई। इससे पूरे वर्ग में निराशा और असंतोष है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जमीनी स्तर पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं देने के बावजूद उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।गौरतलब है कि देशभर में करीब 28 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सेवाएं दे रही हैं, जो विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।