नीमच। जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा का आगाज हो गया। मंगलवार को 10वीं कक्षा का गणित का पेपर आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों का स्वागत फूल, तिलक और ‘गुड लक’ संदेशों के साथ किया गया। केंद्रों को रंग-बिरंगे गुब्बारे और प्रेरक स्लोगनों से सजाया गया, ताकि छात्रों का मनोबल बढ़ सके।
परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, जबकि विद्यार्थी 9 बजे से ही केंद्रों पर उपस्थित होने लगे थे। जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने 8 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित की। 10 बजे के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।
नीमच जिले में कुल 2181 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें 10वीं के 1239 और 12वीं के 942 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा से पहले शिक्षकों ने छात्रों को समय प्रबंधन और शांत मन से प्रश्नपत्र हल करने की रणनीति पर भी मार्गदर्शन दिया।