मंदसौर। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने सुवासरा तहसील में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
शिकायतकर्ता दिनेश चंद्र जोशी निवासी ग्राम धलपत तहसील सुवासरा जिला मंदसौर ने 16 फरवरी को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई स्व. भगवती प्रसाद ने उनके पुत्र आनंद जोशी को दत्तक लिया था और उनके नाम दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण कराने के लिए हल्का पटवारी हरीश पाटीदार 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप प्लान किया। 18 फरवरी को तहसील कार्यालय सुवासरा में पटवारी हरीश पाटीदार को आवेदक से 30 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इससे पहले वह 10 हजार रुपए ले चुका था।
कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, विशाल रेशमिया, नेहा मिश्रा, हितेश ललावत और इसरार की टीम शामिल रही। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।