खनियाधाना। नेत्र रोगियों को नई रोशनी देने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियाधाना में एक विशाल नेत्र शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर के निर्देशानुसार एवं अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गिरीश चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में क्षेत्र के लगभग 150 मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की गई और परीक्षण के उपरांत 67 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिन्हें ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया है। चयनित मरीजों के ऑपरेशन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, लटेरी में आधुनिक तकनीक से किए जा रहे हैं समर्पित सेवा और प्रबंधन इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियाधाना के नेत्र चिकित्सा सहायक पवन कुमार भरदेलिया का विशेष योगदान रहा। उन्होंने मरीजों के पंजीयन से लेकर जांच और भर्ती प्रक्रिया तक की कमान बखूबी संभाली, जिससे दूर-दराज से आए ग्रामीणों को सुलभ उपचार मिल सका।