मनासा। जिला पंचायत नीमच के तत्वावधान में आजीविका मिशन मनासा के अंतर्गत आजीविका होली मेला का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गठित स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने निर्मित उत्पादों की 17 स्टॉलों पर प्रदर्शनी लगाई, जिसमें हस्तनिर्मित वस्त्र, मसाले, पापड़, अचार, अगरबत्ती, सजावटी सामग्री, दूध से निर्मित मावा, मिठाई, घी और घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुएं प्रदर्शित की गईं।
मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे और महिलाओं के काम की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और रंग-गुलाल के माध्यम से आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानी साझा की और अन्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन ने ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शंभुलाल धाकड़, विधायक प्रतिनिधि कैलाश पुरोहित, मंडल अध्यक्ष यशवंत बंजारा, श्याम लाल वसीटा, जिला पंचायत सदस्य मंगीलाल, साथ ही आजीविका मिशन नीमच से हेमंत रामावत (डीएम कृषि), प्रकाश पालियां (एडीएम), ब्लॉक मैनेजर नरेंद्र परमार, दीपक डावर, कमल भूरिया और जितेन्द्र यादव उपस्थित थे।
जनप्रतिनिधियों ने मेले का शुभारंभ रिबन काटकर और मां सरस्वती की पूजा कर किया। आयोजन ने महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया।