खरगोन। जिले के भगवानपुरा में आयोजित भगोरिया हाट-बाजार में रविवार को आदिवासी समाज की भारी भीड़ उमड़ी। होली से पहले मनाया जाने वाला यह पारंपरिक पर्व पूरे अंचल में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।
ढोल-मांदल की थाप पर भगवानपुरा विधायक केदार डाबर और पूर्व विधायक जमुनासिंह सोलंकी भी जमकर थिरके। मेले में रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे आदिवासी युवक-युवतियों, महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने भाग लेकर अपनी समृद्ध लोक संस्कृति का भव्य प्रदर्शन किया।
हाट-बाजार में पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और आपसी मेल-मिलाप का माहौल बना रहा। भगोरिया पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह दिखाई दे रहा है और बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही।