नीमच। जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में सिटी फॉरेस्ट के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर वृक्षारोपण कार्य कराया जाए। साथ ही जल संरचनाओं, तालाबों, बावड़ियों एवं नालों की साफ-सफाई तथा गहरीकरण कर मिट्टी निकालने का कार्य जनसहयोग से तत्काल प्रारंभ किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रत्येक निकाय अपनी रैंक में सुधार करें और टॉप-20 में स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नियमित रूप से रात्रिकालीन स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
कलेक्टर ने आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से बचाव के लिए अभी से निजी जल स्रोतों के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मई-जून में पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में उन्होंने संपत्ति कर, जल कर एवं अन्य करों की वसूली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए सर्वे दल गठित कर आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कर वास्तविक कर निर्धारण एवं वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई, पानी की गुणवत्ता जांच, टंकियों एवं चेम्बरों की सफाई नियमित रूप से कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही शहरी नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण, सड़कों के दोनों ओर टी-गार्ड सहित बड़े पौधे लगाने तथा बावड़ियों एवं जल स्रोतों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही शहरी क्षेत्रों में नागरिकों के लिए शीतल पेयजल हेतु प्याऊ व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में निकायवार निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।