रतलाम। सर्किल जेल में बंद एनडीपीएस एक्ट के 19 वर्षीय आरोपी के साथ जेल के भीतर ही यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जावरा स्थित एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश की कोर्ट ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
कोर्ट के निर्देश पर सोमवार को पीड़ित आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। साथ ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के समक्ष उसके बयान भी दर्ज कराए गए। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार जावरा पुलिस ने तस्करी के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया था। बाद में कोर्ट ने उसे रतलाम सर्किल जेल भेज दिया। आरोप है कि जेल में बंद एक अन्य आरोपी ने उसके साथ यौन शोषण किया। पीड़ित के पिता का कहना है कि बेटे ने जेल में हुई घटना की जानकारी उन्हें मुलाकात के दौरान दी थी। इसके बाद उन्होंने जेल प्रबंधन से मौखिक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित के पिता ने घटना की जानकारी वकीलों को दी। इसके बाद 8 मई को वे वकीलों के साथ जेल पहुंचे और जेल प्रबंधन से चर्चा की। सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने शपथ-पत्र के जरिए जावरा की विशेष एनडीपीएस कोर्ट में आवेदन देकर जांच और एफआईआर की मांग की।
जिस पर आरोप, वह दुष्कर्म मामले में बंद
कोर्ट में दिए गए आवेदन में जिस कैदी पर शोषण का आरोप लगाया गया है, वह एक महिला से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष के वकील एडवोकेट देवेंद्र भटनागर ने बताया कि जेल प्रबंधन को शिकायत से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद कोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया गया। कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड या चीफ मेडिकल ऑफिसर से परीक्षण कराने और सीजेएम के समक्ष बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए।
जेल अधीक्षक बोले- कोर्ट से मिले जांच के आदेश
जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत सीधे कोर्ट में की गई थी। कोर्ट से जांच के आदेश मिलने के बाद पीड़ित का मेडिकल कराया गया है और सीजेएम के समक्ष बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन को पहले सीधे कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।