खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम पांनवां स्थित पीडीपीएल कंपनी में कार्यरत श्रमिकों ने कम पगार मिलने से नाराज होकर कंपनी गेट पर जमकर नारेबाजी करते हुए हड़ताल कर दी। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें मेहनत के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनके परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
हड़ताल के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर कंपनी गेट पर एकत्रित हुए और प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन को वेतन बढ़ाने एवं समस्याओं के समाधान के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं हड़ताल के चलते कंपनी का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और श्रमिकों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। श्रमिकों ने उचित वेतन एवं श्रमिक हितों की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने की बात कही।