नीमच। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में एनसीडी स्क्रीनिंग सह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, लिपिड प्रोफाइल, लीवर प्रोफाइल सहित हाइट और वेट जैसी विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अनियमित जीवनशैली से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच और संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय रहते पहचान कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की समस्या सामने आएगी, उनका उपचार भी प्रारंभ कराया जाएगा तथा सभी रिपोर्ट संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में कलेक्टर कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रही और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ऐसे शिविर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें और गंभीर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।