गरोठ। जनपद क्षेत्र के ढलमू गांव में गहराते पेयजल संकट को लेकर मंगलवार दोपहर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परेशान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द पानी की व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले दो महीनों से पेयजल संकट बना हुआ है। स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गांव में पानी की टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और नल कनेक्शन देने का कार्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मटकियां लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने पंचायत अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग की।
ग्रामीण कालूराम मीणा ने बताया कि वे लगातार सरपंच रामकिशन और सचिव भारत मतवाला को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीण चक्का जाम आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी में पानी की कमी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाओं को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, वहीं पशुपालन और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और जनपद पंचायत गरोठ के अधिकारियों ने मामले में जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। हालांकि ग्रामीण अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित भरोसा और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन में मुकेश खारोल, पंकज मीणा, सुरेश मीणा, ईश्वर मीणा, आशीष, ज्योति, पूजा, मांगी बाई, कन्हैया लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।