मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के पूर्व सरपंच पर लगातार छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता मंजू पति स्वर्गीय दिनेश दमामी निवासी बोरेखेड़ी इंदौर, थाना मल्हारगढ़ ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2002 में हुई थी। महिला का आरोप है कि वर्ष 2017 से गांव के पूर्व सरपंच देवेंद्रसिंह राजपूत उसकी ओर गलत नजर रखने लगा और मौका मिलते ही घर आकर अश्लील बातें करता था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए लगातार परेशान करता रहा।
महिला के अनुसार, वर्ष 2021 में उसके पति की मौत के बाद आरोपी ने उसे और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी उस पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डालता था और विरोध करने पर गांव में बदनाम करने तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसने कई बार पुलिस और महिला थाना में शिकायत की, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला का आरोप है कि 22 अप्रैल 2026 को मल्हारगढ़ थाने में आरोपी ने उसे धमकाते हुए कुछ कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसकी 20 वर्षीय बेटी पर भी गलत नजर रखता है और लगातार परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। डर और धमकियों के कारण महिला को अपना गांव छोड़कर मंदसौर में किराए से रहना पड़ रहा है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।