नीमच। जिले की मनासा तहसील के ग्राम नलवा निवासी दिनेश नाई ने पुलिस अधीक्षक नीमच को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि पुलिस थाना कुकड़ेश्वर में कई बार शिकायत दर्ज कराने एवं एसपी कार्यालय में बार-बार आवेदन देने के बावजूद आरोपी के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि कार्रवाई के अभाव में आरोपी के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उसने एक बार फिर उनके घर पर पथराव कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
आवेदन के अनुसार, पूरा विवाद रास्ता रोकने की बात को लेकर है। दिनेश नाई का आरोप है कि 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपी सुंदरलाल गुर्जर ने उनके मकान पर पत्थर फेंके, गाली-गलौज की तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आरोपी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है।
दिनेश नाई ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई और भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।