सीतामऊ। ग्राम लदूना में वक्फ कमेटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन हाजी डॉ. सनवर पटेल ने 21 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए प्रत्येक को 10-10 हजार का चेक प्रदान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वक्फ दरगाह मुसाफिर वली बाबा परिसर में 100 पौधों का रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रदान की गई यह प्रोत्साहन राशि वक्फ संपत्तियों से अर्जित आय से वितरित की गई। इस अवसर पर हाजी डॉ. सनवर पटेल ने शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम कर जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के तहत ष्एक पेड़ अपने बुजुर्गों के नाम अभियान के अंतर्गत 100 पौधे लगाए गए। उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर जिला वक्फ कमेटी नीमच के जिलाध्यक्ष फिरोज पठान, प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद शकील कुरैशी, जिला शेख सैय्यद मुगल पठान कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी जाहिद खान तथा वक्फ कार्यालय मंत्री नय्यर पठान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड चेयरमैन हाजी डॉ. सनवर पटेल को नीमच में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।