नीमच। कृषि उपज मंडी में मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा 31 जुलाई को कृषि उपज मंडी प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान मंडी व्यापारियों सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
जिला कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कमल मित्तल ने बताया कि मंडी शुल्क में की गई वृद्धि से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुल्क में तत्काल कमी किए जाने की मांग को लेकर यह ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2026 को प्रातः 11.30 बजे स्टेशन रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में मंडी प्रबंधन समिति के सचिव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, जिला संगठन मंत्री बृजेश मित्तल सहित जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में मंडी व्यापारी उपस्थित रहेंगे।
कमल मित्तल ने नीमच कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ के सभी सदस्यों एवं व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहित एवं व्यापारी हित से जुड़े आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मंडी शुल्क में वृद्धि का सीधा प्रभाव व्यापार एवं किसानों दोनों पर पड़ता है, इसलिए व्यापारियों की एकजुट सहभागिता आवश्यक है।