देवास। जिले में गेहूं खरीदी की बदहाल व्यवस्था और नल-जल योजना की सुस्त रफ्तार को लेकर बागली के पूर्व विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर किसानों और ग्रामीणों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए विस्तृत आवेदन सौंपा।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग में भारी गड़बड़ी है, किसानों का गेहूं गुणवत्ता के नाम पर रिजेक्ट किया जा रहा है, वहीं हम्मालों की कमी और खराब बारदानों के कारण गेहूं खराब हो रहा है। कई जगह किसानों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं।
नल-जल योजना को लेकर उन्होंने कहा कि करीब 400 करोड़ खर्च होने के बावजूद 90 प्रतिशत गांवों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।