गरोठ। थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ाबुजुर्ग में दूषित आइसक्रीम खाने से करीब 15 बच्चे बीमार हो गए। बच्चों में उल्टी, दस्त एवं मुंह से झाग आने जैसे लक्षण देखे गए। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने दूषित आइसक्रीम को बीमारी का कारण बताया है।
बीमार बच्चों को राजस्थान के भवानीमंडी स्थित नवजीवन मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार पांच बच्चों को भर्ती किया गया है, जिनमें से शिवम (7) और इरशाद (10) को आईसीयू में रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि निहारिका (11) और दिव्यांशु (7) का उपचार जनरल वार्ड में चल रहा है।
गरोठ बीएमओ डॉ. दरबार गोपाल सिंह ने बताया कि सात से आठ बच्चों का उपचार जारी है। एक बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य बच्चों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर हालात की जांच भी की है।
नायब तहसीलदार रघुनाथ माचार ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन की ओर से उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों ने गांव में आने वाले मटका कुल्फी विक्रेता से आइसक्रीम खरीदी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।