गरोठ। शामगढ़ तहसील के खजूरी पंथ क्षेत्र के किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर गरोठ एसडीएम राहुल चौहान को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं होने तथा हल्का पटवारी को हटाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई।
किसानों का कहना है कि उन्हें अब तक फसल बीमा की राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने हल्का पटवारी रामसिंह सिंसोदिया के कार्यों एवं व्यवहार पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें हटाने की मांग की। उनका आरोप है कि पटवारी की कार्यप्रणाली के कारण उन्हें लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसानों ने प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस पर एसडीएम राहुल चौहान ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण का आश्वासन दिया।
किसानों ने कहा कि फसल बीमा राशि का समय पर भुगतान और राजस्व संबंधी कार्यों का सुचारु संचालन खेती-किसानी से सीधे जुड़ा विषय है, जिस पर प्रशासन को प्राथमिकता के साथ ध्यान देना चाहिए।