देवास। शहर के सिविल लाइन रोड पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर हमला होने का मामला सामने आया है। कार से आए तीन युवकों ने कारोबारी को घेरकर डंडों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घायल राहुल सोनी ने बताया कि मंगलवार सुबह वे सिविल लाइन रोड स्थित एक सब्जी दुकान पर रुके थे। सब्जी खरीदने के बाद जैसे ही वे अपनी कार में बैठने लगे, तभी दूसरी कार से आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और कार टकराने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बहस के दौरान आरोपियों ने कार से डंडे निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें एक प्रकरण से दूर रहने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
सीएसपी सुमित अग्रवाल के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला कार टकराने को लेकर विवाद का सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।